काशी में हर शनिवार होगा ‘नो फ्यूल डे’, महापौर समेत पार्षद पैदल या साइकिल से पहुंचेंगे निगम कार्यालय
वाराणसी I Narendra Modi के ईंधन बचत और विदेशी मुद्रा संरक्षण के आह्वान का असर अब Varanasi में भी दिखाई देने लगा है। नगर निगम के महापौर अशोक कुमार तिवारी और पार्षदों ने देशहित में बड़ा फैसला लेते हुए सप्ताह में एक दिन पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग न करने का संकल्प लिया है। अब हर शनिवार को नगर निगम की ओर से ‘नो फ्यूल डे’ मनाया जाएगा।
नगर निगम मुख्यालय स्थित महापौर कक्ष में बुधवार को आयोजित बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। तय किया गया कि सभी पार्षद शनिवार को अपने घर से निगम कार्यालय तक आने के लिए पैदल, साइकिल, सार्वजनिक परिवहन या इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करेंगे।
बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्वयं उदाहरण पेश करते हुए घोषणा की कि जब तक तेल संकट बना रहेगा, तब तक वह अपने घर से नगर निगम कार्यालय तक पैदल ही जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह पहल शुरू की है, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
हालांकि, नगर निगम की आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे कूड़ा गाड़ियों को इस व्यवस्था से बाहर रखा गया है। महापौर ने निगम अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन पेट्रोल और डीजल वाहनों का उपयोग न करें।
बैठक में पूर्व सभापति सुरेश चौरसिया, श्याम आसरे मौर्य, अतुल पांडेय, मदन मोहन तिवारी, इर्देश कुमार, बलराम कन्नौजिया, अशोक मौर्या, प्रवीण राय, सुरेश गुप्ता योगी, मदन मोहन दुबे समेत अन्य पार्षद मौजूद रहे।
