Movie prime

अब पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं! डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की मिल रही सुविधा

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को राहत देने के लिए बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 के तहत विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 5, 6 और 27 नवंबर को बरेका संस्थान स्थित सम्मान कक्ष में लगाया जा रहा है।

राष्ट्रव्यापी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 1 से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जा रहा है। बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य पेंशनभोगियों को घर बैठे या शिविर में आसानी से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने और जमा करने की सुविधा देना है। इससे बुजुर्ग पेंशनर्स को प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

फेस ऑथेंटिकेशन से बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र

मेगा कैंप में पेंशनभोगियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करने और ऑनलाइन जमा करने की पूरी प्रक्रिया में तकनीकी सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के इस्तेमाल की जानकारी भी दी जा रही है। इस सुविधा के जरिए पेंशनभोगी स्मार्टफोन की मदद से घर बैठे भी अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर सकते हैं।

अधिकारियों ने कैंप की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शिविर के दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी और उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पेंशनभोगियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

एसबीआई और पेंशनर्स एसोसिएशन का मिल रहा सहयोग

इस अभियान को सफल बनाने में बरेका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक की बरेका शाखा तथा पेंशनर्स एसोसिएशन भी सहयोग कर रहे हैं। पेंशनभोगियों को बैंकिंग और डिजिटल प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें प्रमाण-पत्र बनवाने और जमा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एम. ए. अंसारी, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, विनय कुमार गुप्ता, उमेश प्रसाद, विजय कुमार, डॉ. सौरभ सागर, कमला श्रीनिवासन, चंद्रकला, दुर्गेश नंदन, पेंशनर्स एसोसिएशन के महासचिव ए.के. सिन्हा, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य प्रबंधक ऋचा त्रिपाठी, प्रांजल सिंह और विकास कुमार विश्वकर्मा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बरेका प्रशासन की यह पहल सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता को दर्शाती है। डिजिटल तकनीक के जरिए पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान और पारदर्शी बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।