अब पेंशन के लिए कोषागार के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं! मोबाइल से ऐसे बनाएं डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र
वाराणसी। वाराणसी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशनर अपने स्मार्टफोन के जरिए घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस संबंध में मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह ने एडवाइजरी जारी करते हुए पेंशनरों से समय पर जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की अपील की है।
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि जिन पेंशनरों के जीवन प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे समय रहते नया प्रमाण-पत्र जमा कर दें, ताकि पेंशन संबंधी प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।
दो ऐप की मदद से पूरा होगा काम
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने के लिए पेंशनरों को अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से Aadhaar Face RD और Jeevan Pramaan ऐप इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद ऐप पर मांगी गई जानकारी भरकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी पहचान सत्यापित करानी होगी।
इस प्रक्रिया में सबसे पहले डिवाइस रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी जैसी जरूरी जानकारी दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। फिर फेस रिकग्निशन यानी चेहरे की पहचान के जरिए पेंशनर का सत्यापन किया जाएगा।
ये जानकारियां रखनी होंगी तैयार
डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाते समय पेंशनरों को अपनी पेंशन से जुड़ी कुछ जरूरी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। इनमें पेंशनर का नाम, पेंशन का प्रकार, सेवा या पारिवारिक पेंशन का विवरण, स्वीकृति प्राधिकारी, संबंधित कोषागार, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड शामिल हैं।
इन जानकारियों को भरने और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा किया जा सकता है।
समय पर जमा करें जीवन प्रमाण-पत्र
मुख्य कोषाधिकारी गोविन्द सिंह ने पेंशनरों से अपील की है कि वे अपने जीवन प्रमाण-पत्र की वैधता की जांच कर लें और समय रहते इसे जमा करने की प्रक्रिया पूरी करें। डिजिटल सुविधा का लाभ उठाकर पेंशनर घर बैठे अपना काम कर सकते हैं और कोषागार कार्यालय जाने की परेशानी से बच सकते हैं।
जिला कोषागार की ओर से जारी इस एडवाइजरी का उद्देश्य पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया में सहूलियत प्रदान करना है।
