कल से शुरू होगा वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक MLC चुनाव का नामांकन, सुबह 11 से शाम 3 बजे तक जमा होंगे पर्चे
वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार, 29 सितंबर 2026 से शुरू हो रही है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे निर्वाचन की सूचना जारी होने के बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन वाराणसी मंडलायुक्त परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रथम) के न्यायालय कक्ष में दाखिल किए जाएंगे।
दरअसल, वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य आशुतोष सिन्हा और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य लाल बिहारी यादव का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद रिक्त होने वाली सीटों को भरने के लिए यह चुनाव कराया जा रहा है।
अपर आयुक्त (प्रशासन) एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आलोक कुमार वर्मा ने बताया कि चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थी का भारत का नागरिक होना जरूरी है। साथ ही उसकी उम्र कम से कम 30 वर्ष होनी चाहिए और उसका नाम प्रदेश की किसी विधानसभा निर्वाचन नामावली में दर्ज होना चाहिए। नामांकन के साथ मतदाता सूची की प्रमाणित प्रति भी जमा करनी होगी।
उम्मीदवार के नामांकन के लिए 10 प्रस्तावक जरूरी होंगे और ये सभी संबंधित विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता होने चाहिए। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति/जनजाति के उम्मीदवारों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित है। यह राशि ट्रेजरी चालान के जरिए जमा कर उसकी रसीद नामांकन पत्र के साथ लगानी होगी।
उम्मीदवार को आयोग के निर्धारित प्रारूप-26 में अपराध और चल-अचल संपत्तियों से जुड़ी जानकारी भी देनी होगी। इसके लिए 10 रुपये के स्टांप पेपर पर नोटरी के सामने शपथपत्र देना अनिवार्य है। किसी राजनीतिक दल से जुड़े उम्मीदवार को पार्टी का अधिकृत पत्र भी जमा करना होगा। इसके अलावा नामांकन के दौरान शपथ या प्रतिज्ञान लेना भी जरूरी होगा।
नामांकन सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। लोक अवकाश के दिन नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्र निर्धारित स्थान और समय के भीतर उम्मीदवार स्वयं या उसके प्रस्तावक के माध्यम से जमा कर सकता है।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को सक्षम अधिकारी की ओर से जारी जाति प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा नामांकन की तारीख से तीन महीने के भीतर की 10 पासपोर्ट साइज तस्वीरें जमा करनी होंगी। तस्वीर का बैकग्राउंड सफेद या ऑफ-व्हाइट होना चाहिए और उसमें उम्मीदवार का चेहरा सीधे कैमरे की ओर होना चाहिए। फोटो में आंखें खुली और चेहरा सामान्य भाव में होना चाहिए।
उम्मीदवार तस्वीर रंगीन या ब्लैक एंड व्हाइट, दोनों में से किसी भी रूप में दे सकता है। हालांकि फोटो में सामान्य कपड़े होने चाहिए। वर्दी, टोपी या हैट और काले चश्मे वाली तस्वीर स्वीकार नहीं की जाएगी।
