Movie prime

अब स्कूल में किताबों के साथ होगी खेती की पढ़ाई, बनारस के 15 पीएम श्री विद्यालयों में बनेंगे गार्डन, मिलेंगे  20 हजार रुपये
 

 
 अब स्कूल में किताबों के साथ होगी खेती की पढ़ाई, बनारस के 15 पीएम श्री विद्यालयों में बनेंगे गार्डन, मिलेंगे  20 हजार रुपये
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रदेश के पीएम श्री विद्यालयों को जीवंत लर्निंग स्पेस और हरित परिसरों के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश के 1565 पीएम श्री विद्यालयों में वेजिटेबल, मेडिकल और किचन गार्डन की स्थापना व विकास के आदेश जारी किए हैं। इस योजना के तहत बनारस के 15 पीएम श्री विद्यालयों का चयन किया गया है।

स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय की ओर से प्रति विद्यालय 20 हजार रुपये की दर से कुल 3.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति, पोषण, औषधीय पौधों, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जैविक खाद और अपशिष्ट प्रबंधन से जोड़ना है, ताकि वे किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त कर सकें।

विद्यालय प्रबंध समिति तय करेगी गार्डन की रूपरेखा

गार्डन का पूरा कार्य विद्यालय प्रबंध समिति के माध्यम से कराया जाएगा। समिति की बैठक में गार्डन की लोकेशन, पौधों के चयन, अनुमानित व्यय और बच्चों की सहभागिता को लेकर निर्णय लिया जाएगा। स्थानीय जलवायु और मिट्टी के अनुकूल तुलसी, गिलोय, अश्वगंधा, एलोवेरा, नीम और आंवला जैसे औषधीय पौधे लगाए जाएंगे।

इसके अलावा लेमनग्रास और पुदीना जैसे सुगंधित पौधों के साथ पालक, मेथी, धनिया और मौसमी सब्जियां भी उगाई जाएंगी। स्वीकृत बजट का उपयोग भूमि की तैयारी, बीज व पौधों की खरीद, सिंचाई व्यवस्था, ड्रिप इरिगेशन या स्प्रिंकलर, बाड़ निर्माण और नेम प्लेट्स लगाने में किया जाएगा।

बच्चे तैयार करेंगे पौधों की ग्रोथ डायरी

जिन विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां प्लास्टिक बोतल, वर्टिकल गार्डन, टायर गार्डन, ग्रो बैग, कंटेनर, रेज्ड बेड और कॉर्नर हर्बल गार्डन जैसे अभिनव मॉडल अपनाए जा सकेंगे।

गार्डनिंग को क्लासरूम लर्निंग से जोड़ते हुए बच्चे पौधों की ग्रोथ डायरी तैयार करेंगे। इसके साथ ही ‘मेरा पौधा, मेरी जिम्मेदारी’ गतिविधि में हिस्सा लेंगे और बाल संसद के माध्यम से गार्डन की निगरानी की जाएगी।

बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि बनारस के विद्यालयों में दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कराया जाएगा। इसकी प्रगति रिपोर्ट और तस्वीरें प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।