अब नक्शा पास कराने के लिए पार्किंग होना जरूरी, VDA ने जारी किया निर्देश
वाराणसी। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने व्यावसायिक भवनों में पार्किंग व्यवस्था को अनिवार्य कर दिया है। अब बिना पार्किंग सुविधा वाले भवनों के नक्शे स्वीकृत नहीं किए जाएंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि सभी व्यावसायिक निर्माणकर्ताओं और आवेदनकर्ताओं को निर्धारित मानकों और सुविधाओं का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है, इसलिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था अत्यंत जरूरी हो गई है।
प्राधिकरण के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नक्शे में पार्किंग का स्पष्ट प्रावधान होना चाहिए। यदि निरीक्षण के दौरान मानकों की अनदेखी पाई गई तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर नक्शा निरस्त भी किया जा सकता है।
साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप हो रहे हैं। इस कदम से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
