Movie prime

नर्सरी छात्र के प्राइवेट पार्ट पर जलाने का आरोप, मेडिकल रिपोर्ट में बर्न इंजरी की पुष्टि, शिक्षिका पर FIR

 
,,,
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अकथा स्थित एक प्ले स्कूल में 5 वर्षीय बच्चे के साथ कथित क्रूरता के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बच्चे के पिता का दावा है कि बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा की गई मेडिकल जांच में बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर मौजूद चोट को 'बर्न इंजरी' बताया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पिता का दावा- प्लास्टिक सर्जन ने की जांच

बच्चे के पिता और पेशे से अधिवक्ता केशरी जायसवाल के अनुसार, जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उनके बेटे की बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में तीन डॉक्टरों के पैनल ने जांच की। उनका कहना है कि प्लास्टिक सर्जन ने बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर बने छाले का उपचार किया और मेडिकल रिपोर्ट में इसे बर्न इंजरी बताया। डॉक्टरों ने बच्चे को बेड रेस्ट की भी सलाह दी है।

आरोपी शिक्षिका, प्रिंसिपल और प्रबंधक से पूछताछ

केशरी जायसवाल ने बताया कि उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उनके मुताबिक, पुलिस आरोपी शिक्षिका, स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधक से पूछताछ कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब वह स्कूल प्रबंधन से मिलने पहुंचे तो उन्हें न तो प्रबंधक का नाम बताया गया और न ही संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया। उनका बेटा अकथा स्थित सेरेन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी का छात्र है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित परिवार के अनुसार, 24 जुलाई को स्कूल से घर लौटने के बाद बच्चे ने अपनी मां से प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की। जांच करने पर वहां छाले और जलने जैसे निशान दिखाई दिए।

परिजनों का आरोप है कि पूछने पर बच्चे ने बताया कि उसे पेशाब लगी थी, लेकिन शिक्षिका ने उसे शौचालय जाने की अनुमति नहीं दी। बाद में पैंट में पेशाब हो जाने पर शिक्षिका उसे दूसरे कमरे में ले गईं, जहां कथित तौर पर गैस पर चाकू गर्म कर उसके प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। बच्चे ने यह भी आरोप लगाया कि घटना किसी को बताने पर उसे डराया-धमकाया गया।

स्कूल प्रबंधन पर भी लगाए आरोप

बच्चे के पिता का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर जब वे स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने किसी तरह की कार्रवाई करने में असमर्थता जताई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस जांच जारी

इस मामले में कैंट एसीपी अपूर्व पांडेय ने पहले कहा था कि मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस मेडिकल रिपोर्ट समेत सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।