Movie prime

वाराणसी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत: बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिला शव, मोबाइल भी गायब

वाराणसी। सारनाथ स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रा का लहूलुहान शव कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रेम संबंध सहित कई पहलुओं को खंगाल रही है।

 
नर्सिंग छात्रा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सारनाथ स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज की जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रा का लहूलुहान शव कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रेम संबंध सहित कई पहलुओं को खंगाल रही है।

घर से हेल्थ कैंप जाने की बात कहकर निकली थी छात्रा

जानकारी के अनुसार छात्रा सारनाथ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी और वहीं से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। कॉलेज में गर्मी की छुट्टियों के चलते पिछले दो दिनों से पढ़ाई बंद थी।

परिजनों के मुताबिक बुधवार सुबह छात्रा घर से यह कहकर निकली थी कि कॉलेज की ओर से एक गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है, जहां उसे जाना है। उसने अपनी मां को बताया था कि पहले वह अपनी एक सहेली के घर जाएगी और फिर कॉलेज जाएगी। वह अपने साथ दो लोगों का टिफिन भी लेकर निकली थी।

सुबह मिली सूचना, अस्पताल में नहीं बच सकी जान

सुबह करीब 9 बजे कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी कि बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर एक छात्रा घायल अवस्था में पड़ी मिली है।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले कॉलेज में काम कर रहे एक इलेक्ट्रिशियन ने छात्रा को देखा और शोर मचाकर सुरक्षाकर्मियों को बुलाया। इसके बाद छात्रा को कॉलेज परिसर में संचालित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

बैग मिला, लेकिन मोबाइल गायब

मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के बैग की तलाशी ली। बैग से टिफिन, एप्रन और अन्य सामान बरामद हुआ, लेकिन उसका मोबाइल फोन नहीं मिला।

मोबाइल फोन गायब होने के कारण पुलिस को मामले में कई सवाल नजर आ रहे हैं। जांच टीम मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवा रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले छात्रा किन लोगों के संपर्क में थी।

दो डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा के शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सात महीने पहले गर्भपात कराने की भी चर्चा

पुलिस जांच में सामने आया है कि जौनपुर निवासी एक युवक पिछले करीब डेढ़ साल से छात्रा के संपर्क में था। दोनों के बीच करीबी संबंध होने की बात भी सामने आ रही है।

सूत्रों के अनुसार करीब सात महीने पहले छात्रा का गर्भपात भी कराया गया था। पुलिस इस पूरे पहलू की भी जांच कर रही है। छात्रा के परिचितों का कहना है कि उसे लो ब्लड प्रेशर की समस्या भी रहती थी और वह कई बार कॉलेज परिसर में बेहोश होकर गिर चुकी थी।

छुट्टी के बावजूद हॉस्टल पहुंचना बना रहस्य

सीसीटीवी फुटेज की शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि कॉलेज में दो दिन से छुट्टी होने के बावजूद छात्रा बुधवार सुबह सीधे बॉयज हॉस्टल पहुंची थी।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह वहां किससे मिलने गई थी और अपने साथ लाया गया खाना किसके लिए था। जिस युवक को हिरासत में लिया गया है, वह भी कथित तौर पर हॉस्टल में ही रुका हुआ था और घर नहीं गया था।

युवक के मोबाइल से मिले फोटो और चैट

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक के मोबाइल फोन की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में छात्रा के साथ उसकी कई तस्वीरें, वीडियो और चैटिंग रिकॉर्ड मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियां अब कॉलेज के अन्य छात्रों और छात्राओं से भी पूछताछ कर रही हैं, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

कई सवालों के जवाब अभी बाकी

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रा छुट्टी के दिन बॉयज हॉस्टल क्यों पहुंची, उसका मोबाइल फोन कहां गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।