Movie prime

39 GTC वाराणसी में अग्निवीरों की शपथ परेड: 31 हफ्ते की ट्रेनिंग के बाद बने भारतीय सेना का अभिन्न हिस्सा

वाराणसी स्थित 39 जीटीसी (गोरखा ट्रेनिंग सेंटर) में अग्निवीर 06/25 बैच की कसम-परेड पूर्ण सैन्य शान, अनुशासन और परंपरा के साथ आयोजित की गई।
 
39 GTC वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भारतीय सेना के इतिहास में शनिवार का दिन एक और गौरवपूर्ण क्षण लेकर आया, जब वाराणसी स्थित 39 जीटीसी (गोरखा ट्रेनिंग सेंटर) में अग्निवीर 06/25 बैच की कसम-परेड पूर्ण सैन्य शान, अनुशासन और परंपरा के साथ आयोजित की गई। 31 सप्ताह की कठोर और बहुआयामी सैन्य ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सैकड़ों युवा आज औपचारिक रूप से भारतीय सेना का हिस्सा बन गए।

सुबह परेड ग्राउंड पर आयोजित इस भव्य समारोह में सलामी, मार्च पास्ट और औपचारिक निरीक्षण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। डिप्टी कमांडेंट और ट्रेनिंग बटालियन कमांडर ने परेड का निरीक्षण कर अग्निवीरों की परेड दक्षता, अनुशासन और सैन्य मानकों का आकलन किया। मैदान में खड़े हर युवा के कदमों में जोश, चेहरे पर गर्व और चाल में भारतीय सेना की वीरता स्पष्ट झलक रही थी।

5

अग्निपथ योजना के तहत चयनित इन युवाओं ने आज राष्ट्र की रक्षा, देश की एकता-अखंडता बनाए रखने और कर्तव्य मार्ग पर दृढ़ता से चलने की शपथ ली। परेड ग्राउंड पर मौजूद सैन्य अधिकारी, प्रशिक्षक, आमंत्रित अतिथि और अग्निवीरों के परिजन इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। परिजनों के चेहरों पर अपने बच्चों को वर्दी में देखकर गर्व की रोशनी चमक रही थी, जबकि कई आंखें भावुकता से नम भी दिखाई दीं।

सैन्य बैंड की धुनों और "भारत माता की जय" के नारों ने पूरे वातावरण को वीरता, गौरव और उत्साह से भर दिया। समापन के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सम्मानित किया गया, जबकि प्रशिक्षकों ने युवाओं के अनुशासन, परिश्रम, सैन्य चरित्र और राष्ट्रप्रेम की विशेष सराहना की।