Movie prime

ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला- आजम खान की हालत के लिए सपा जिम्मेदार, शंकराचार्य को भी दी नसीहत
 

 
 ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर हमला- आजम खान की हालत के लिए सपा जिम्मेदार, शंकराचार्य को भी दी नसीहत
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी पहुंचे सुभासपा प्रमुख और मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं के स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में राजभर ने सपा सरकार, आजम खान प्रकरण, मुस्लिम राजनीति और एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर कई बड़े बयान दिए।

राजभर ने कहा कि सपा सरकार के दौरान दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों का सबसे अधिक उत्पीड़न हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रशासन कुछ प्रभावशाली नेताओं के इशारे पर काम करता था। राजभर ने कहा कि आज समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय की बात करती है, लेकिन उसके शासनकाल में सामाजिक न्याय के नाम पर सबसे ज्यादा अन्याय हुआ।

जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे आंदोलनकारियों को अस्पताल ले जाने पर राजभर ने पुलिस का बचाव किया। उन्होंने कहा कि किसी अनशनकारी की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी है और पुलिस ने अपना काम किया है।

आजम खान के मामले में राजभर ने कहा कि उनकी मौजूदा स्थिति के लिए समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि रामपुर विश्वविद्यालय सरकारी धन से बनाया गया था। अगर जमीन सरकारी थी तो तत्कालीन सरकार को समय रहते उसका स्वामित्व विश्वविद्यालय के नाम कराना चाहिए था। राजभर ने कहा कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं की गई और यही सपा की बड़ी गलती रही।

सपा की मुस्लिम राजनीति पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि पार्टी केवल चुनाव के समय मुस्लिम वोटों की चिंता करती है। उन्होंने सवाल किया कि जब आजम खान लंबे समय तक जेल में रहे तो अखिलेश यादव उनसे मिलने क्यों नहीं गए।

एनडीए में सीटों के बंटवारे पर राजभर ने कहा कि अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है। गठबंधन के सभी दलों के साथ बैठक के बाद आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा किया जाएगा।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के बयान पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक गुरुओं का काम धर्म का प्रचार-प्रसार करना है, सक्रिय राजनीति में हस्तक्षेप करना नहीं। राजभर ने कहा कि देश में कई शंकराचार्य हैं और सभी को राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहना चाहिए।