Movie prime

चोरी से पहले नहाया, कॉफी पी और फिर किया लूंगी डांस... वाराणसी में 4.71 लाख की KTM ले उड़ा चोर

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में बाइक चोरी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस के साथ-साथ लोगों को भी हैरान कर दिया है। मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित एक बाइक शोरूम में एक युवक रात के समय चोरी करने घुसा। इसके बाद उसने करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर आराम से समय बिताया। युवक ने वहां नहाया, कॉफी पी, गाने चलाए और बाइक के कवर को लुंगी की तरह पहनकर जमकर डांस भी किया। आखिर में वह करीब 4.71 लाख रुपये कीमत की KTM Adventure 390 S लेकर फरार हो गया।

पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

हाथ में देवी की तस्वीर लेकर पहुंचा था युवक

शोरूम के जनरल मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे शोरूम बंद करके वह और कर्मचारी घर चले गए थे। उनकी KTM बाइक शोरूम के स्टॉक यार्ड में खड़ी थी और उसकी चाबी बाइक में ही लगी रह गई थी।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा। उसके हाथ में देवी की तस्वीर थी। उसने पहले गेट को धक्का देकर अंदर झांककर देखा। इसके बाद कटर की मदद से शीशे का गेट काटना शुरू कर दिया।

बारिश तेज होने पर युवक कुछ देर पीछे की ओर चला गया। वहां से उसने बोर्ड का बैनर फाड़कर खुद को ढका और फिर वापस आकर गेट काटने लगा। करीब 12:06 बजे वह शोरूम के अंदर दाखिल हो गया।
 

शोरूम में घुसने के बाद शुरू हुआ अजीब सिलसिला

अंदर पहुंचने के बाद युवक ने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर चालू किया। इसके बाद कुर्सी पर बैठकर काफी देर तक गोल-गोल घूमता रहा। उसने शोरूम में खड़ी कई बाइकों को भी खोलकर देखा।

इसके बाद युवक ने मिनी फ्रिज से पानी निकाला और कॉफी मशीन से कॉफी बनाकर पी। वह वॉशरूम में गया और वहां नहाया। उसने अपने कपड़े बाइक पर सुखाए।

इतना ही नहीं, युवक ने एक बाइक का कवर फाड़कर उसे लुंगी की तरह पहन लिया। फिर गाने चलाकर काफी देर तक डांस करता रहा। सीसीटीवी में उसकी यह पूरी हरकत कैद हो गई।

टी-शर्ट, कैप और बाइक का कवर भी ले गया

बाइक चोरी करने से पहले युवक शोरूम से एक ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप भी लेकर गया। इसके अलावा एक बाइक का कवर भी गायब मिला। करीब सुबह 4 बजे युवक KTM Adventure 390 S लेकर शोरूम से निकल गया। यानी वह करीब साढ़े चार घंटे तक शोरूम के अंदर मौजूद रहा।


सुबह गार्ड ने दी सूचना

सुबह करीब 5 बजे गार्ड ने शोरूम का मेन गेट टूटा देखकर मैनेजर को फोन किया। सूचना मिलते ही रोहित कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोरूम में रखी बाइकों और स्टॉक यार्ड की जांच की तो अपनी KTM बाइक गायब मिली।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब 15 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूत जुटाए हैं।


पुलिस बोली- जल्द पकड़ा जाएगा आरोपी

मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा के मुताबिक, चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल की जांच की गई है और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।