International Women’s Day पर काशी विश्वनाथ धाम में खास व्यवस्था, महिलाओं को इस गेट से मिलेगी फ्री एंट्री
International Women’s Day पर काशी विश्वनाथ धाम में खास व्यवस्था, महिलाओं को इस गेट से मिलेगी फ्री एंट्री
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को श्री काशी विश्वनाथ धाम में महिलाओं के लिए विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस दिन सभी महिलाओं को द्वार संख्या 4-बी से निःशुल्क प्रवेश देकर भगवान के दर्शन कराए जाएंगे।
मंदिर न्यास ने बताया कि यह सुविधा काशी की स्थानीय महिलाओं के साथ-साथ बाहर से आने वाली महिला श्रद्धालुओं के लिए भी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए किसी भी प्रकार का टिकट या शुल्क नहीं लिया जाएगा।
गोद में बच्चे वाली महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
इस विशेष व्यवस्था के तहत गोद में बच्चे को लेकर आने वाली महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। चाहे बच्चा बालक हो या बालिका, ऐसी सभी महिलाओं को पहले दर्शन कराने की व्यवस्था की जाएगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
काशीवासियों के लिए निर्धारित रहेगा विशेष समय
मंदिर प्रशासन के अनुसार सुबह 4:00 बजे से 5:00 बजे तक और शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक का समय काशीवासियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान पहले से लागू विशेष दर्शन व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी। इसके अलावा बाकी समय में सभी महिलाओं को द्वार संख्या 4-बी से प्रवेश देकर दर्शन की सुविधा दी जाएगी।
मानवता के कल्याण की कामना
मंदिर न्यास ने कामना की है कि भगवान भगवान शिव और काशी विश्वनाथ की कृपा से मातृशक्ति का आशीर्वाद पूरी मानवता और सभी भक्तों पर बना रहे।
मंदिर प्रशासन ने सभी महिलाओं, सनातन धर्मावलंबियों और श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना करते हुए “हर हर महादेव” का जयघोष किया।
