PM मोदी के जन्मदिन पर काशी से वडनगर रवाना हुई सेवा संकल्प यात्रा, CM योगी-चंद्रबाबू नायडू ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को काशी में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
दिग्गज नेताओं के मंच पर पहुंचते ही जय श्रीराम के जयकारे लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान काशी से वडनगर के लिए यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
चिराग पासवान बोले—प्रधानमंत्री हर नागरिक को परिवार का सदस्य मानकर काम करते हैं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि काशी की धरती पर सबसे पहले बाबा विश्वनाथ के चरणों में प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी राजनीतिक यात्रा 12 वर्ष पहले शुरू हुई थी और प्रधानमंत्री ने उन्हें हर क्षण प्रोत्साहित किया।
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री हर कार्यकर्ता और हर नागरिक को अपने परिवार का सदस्य मानकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम लगातार देश के लिए काम कर रहे हैं। यदि देश का हर युवा उनसे सीखकर आगे बढ़े, तो भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की सीमाओं की सुरक्षा मजबूत हुई है, अंतरिक्ष के क्षेत्र में नए आयाम गढ़े गए हैं और समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा, “भारत के सम्मान का नाम नरेंद्र मोदी है।”
सेवा संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और मां गंगा व मां अन्नपूर्णा से उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकसित होने की कामना करता हूं।
सीएम योगी ने कहा कि यह वर्ष अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि सेवा संकल्प अभियान के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने इसे गौरव का विषय बताया।
यह नया भारत है, यह आत्मनिर्भर भारत है: चंद्रबाबू नायडू
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने काशी की पवित्र धरती पर आने को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि काशी दुनिया की सबसे प्राचीन नगरी होने के साथ-साथ नई सोच भी देती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और नारी शक्ति समेत विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य हुआ है।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि यह नया भारत है और यह आत्मनिर्भर भारत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सेवा ही धर्म है।
काशी से वडनगर की यात्रा भावनाओं और संस्कारों के मिलन की यात्रा: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन की शुरुआत “भारत माता की जय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी लंबी आयु की कामना की।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आज शुरू हो रही यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने की यात्रा नहीं है, बल्कि एक स्थान को दूसरे स्थान से जोड़ने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि वडनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां हीराबेन का आशीर्वाद मिला था।
उन्होंने इस यात्रा को संस्कार, साधना और संगम की यात्रा बताया। राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी से ले जाया जाने वाला जल वडनगर में बाबा हाटकेश्वर का जलाभिषेक करने में उपयोग होगा। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से काशी की दिव्यता गुजरात जाएगी और गुजरात से आस्था काशी आएगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह बाबा सोमनाथ की धरती और बाबा विश्वनाथ की धरती के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि करीब दो हजार वर्ष पहले सारनाथ से बौद्ध भिक्षुओं ने वडनगर की यात्रा की थी।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल जल का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भावनाओं का आदान-प्रदान भी है। साथ ही, यात्रा में कर्तव्य और सेवा कार्यों को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
