केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आराजी लाइन में लगा जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेला, योजनाओं की दी गई जानकारी
वाराणसी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आराजी लाइन विकासखंड मुख्यालय पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ शनिवार को किया गया। शिविर का आयोजन ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार, लाभार्थियों के पंजीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के संतृप्तिकरण के उद्देश्य से किया गया है।

कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, अपना दल (एस) के प्रदेश सचिव डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, बाल विकास, पशुपालन, ग्राम विकास, पंचायती राज तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन समेत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की जानकारी ली।
खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह जनकल्याण शिविर 13 से 15 जून तक आयोजित किया जाएगा। शिविर में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर चिकित्सकों ने लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी सतीश मौर्य ने किया, जबकि ब्लॉक प्रमुख नगीना सिंह पटेल ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद प्रधान, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह गौतम, एडीओ (एसटी) प्रमोद पटेल, पशुधन अधिकारी डॉ. संतोष राव, अभिषेक त्रिपाठी, सुजीत पाल, डॉ. रमेश पटेल, वीरेंद्र पटेल, अश्वनी पांडेय, अजय दुबे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
