काशीराम आवास में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी
वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर काशीराम आवास क्षेत्र में महिलाओं और बच्चियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एशियाई ब्रिज इंडिया फाउंडेशन वाराणसी के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और बच्चियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण योजनाओं के बारे में बताया गया और हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 जैसी सेवाओं का उपयोग कर आपात स्थिति में मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कांशीराम चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सचान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा और सम्मान समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं बिना डर के 1090 और 112 नंबर पर संपर्क कर सकती हैं। इसके साथ ही उन्होंने बच्चियों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं और बच्चियों में फल, फ्रूटी और बिस्कुट भी वितरित किए गए। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
