Movie prime

महिला दिवस पर रोजगार व सम्मान कार्यक्रम, सीएम योगी ने वाराणसी की सीता देवी से किया संवाद

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिलाओं के लिए रोजगार, सम्मान और डीबीटी अंतरण से जुड़ा मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।

,,

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 के तहत 5000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर दिए। साथ ही रोजगार उपलब्ध कराने वाले मोबाइल प्लेटफॉर्म रोजगार संगम की लॉन्चिंग भी की गई। कार्यक्रम में 94 नव नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट महिला कार्मिकों और बालिकाओं को सम्मानित कर नारी शक्ति अवॉर्ड प्रदान किया गया।

इसके अलावा कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम तथा साड़ी/वर्दी के लिए करीब 3849 लाख रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।

...

वाराणसी में हुआ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण वाराणसी स्थित कमिश्नरी सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एमएलसी व जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला प्रोबेशन कार्यालय और जिला कार्यक्रम कार्यालय के कई लाभार्थी भी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने सीता देवी से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरसोस गांव की बीसी सखी सीता देवी से संवाद किया।

सीता देवी ने बताया कि सरकारी योजनाओं से लाभ मिलने के बाद वह अपने परिवार का भरण-पोषण कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी बच्चों के लिए ई-रिक्शा से भोजन पहुंचाने का काम करते हुए उन्हें काफी संतोष मिलता है। उनके इस कार्य से गांव की अन्य महिलाएं भी प्रेरित होकर ई-रिक्शा चलाने के लिए आगे आ रही हैं।

बालिका दुर्गा को मिला सम्मान

कार्यक्रम में रामनगर स्थित राजकीय बाल गृह की बालिका दुर्गा को कक्षा 10 में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

अधिकारी और लाभार्थी रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम पवन कुमार और जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बीसी सखी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से जुड़ी महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों तक पहुंचाना था।