Movie prime

वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, 18 साल पूरे करने वाले भरें फॉर्म-6

 
DM
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के मद्देनजर वाराणसी में मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के निर्धारण, उनके भौतिक सत्यापन और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया गया था। इसकी सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करा दी गई थी। सूची पर प्राप्त शिकायतों और सुझावों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची 27 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन कार्यालय भेजी जाएगी।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदेय स्थलों का निर्धारण करते समय प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की संख्या और दो किलोमीटर की भौगोलिक परिधि का ध्यान रखा जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य मतदाताओं को मतदान के लिए सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

18 साल पूरे करने वाले नागरिक भरें फॉर्म-6

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्देश दिया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ ही मतदाता सूची से छूटे अन्य पात्र नागरिकों के नाम भी सूची में शामिल कराए जाएं। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरवाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही मतदेय स्थलों की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

बैठक में निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम और पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के अलावा आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, अपना दल (एस), कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।