सलारपुर में पावर हाउस का विरोध : ग्रामीणों के बीच पहुंचे मंत्री अनिल राजभर, दिया समाधान का भरोसा
Varanasi : सारनाथ थाना क्षेत्र के सलारपुर हरिजन बस्ती में प्रस्तावित बिजली उपकेंद्र (पावर हाउस) को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन सामने आया। सूचना पर मौके पर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपकेंद्र निर्माण की योजना बनाई गई है, लेकिन इसे लेकर स्थानीय लोगों में भ्रम और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते विरोध शुरू हो गया।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील
मौके पर कुछ लोग आक्रोशित नजर आए, जिस पर मंत्री अनिल राजभर ने सभी से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्वक अपनी बात रखने को कहा और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
आवास योजना को लेकर दिया भरोसा
मंत्री ने क्षेत्र के बुजुर्गों और महिलाओं से बातचीत करते हुए आश्वासन दिया कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अगले चरण में पात्र लाभार्थियों को शामिल कर उनके घर बनवाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने बिजली के खंभों और तारों को लेकर भी शिकायतें कीं। इस पर मंत्री ने कहा कि जहां भी समस्या होगी, वहां फिलहाल विभाग का काम रुकवाया जाएगा और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विकास कार्यों पर दिया जोर
मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि उनकी विधानसभा में 10 नए पावर हाउस स्वीकृत किए गए हैं, जिससे बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं जनता की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए हैं।
ग्राम प्रधान द्वारा उठाए गए एक पुराने विवाद पर भी मंत्री ने संज्ञान लेते हुए उसे गंभीरता से हल कराने का भरोसा दिया। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है, ताकि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
