वाराणसी जिला अस्पताल की ओपीडी के बाहर मिलेगा ORS, जल्द बनेगा कोल्ड रूम
वाराणसी: भीषण गर्मी को देखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब अस्पताल की ओपीडी के बाहर ही मरीजों को ओआरएस (ORS) उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ओपीडी कक्ष के बाहर विशेष काउंटर शुरू कर दिया गया है।
पहले मरीजों को ओआरएस लेने के लिए दवा काउंटर की लंबी कतार में लगना पड़ता था, जिससे काफी समय बर्बाद होता था। इस समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने यह नई व्यवस्था लागू की है, जिससे मरीजों को तुरंत राहत मिल सके।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन और लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी होती है। ऐसे में मरीजों को जल्द से जल्द ओआरएस उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, इसलिए ओपीडी के बाहर ही काउंटर शुरू किया गया है।
इसके साथ ही अस्पताल परिसर में जल्द ही कोल्ड रूम बनाने की भी योजना है। इस सुविधा के शुरू होने से तेज गर्मी और लू की चपेट में आए मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें ठंडे वातावरण में प्राथमिक उपचार दिया जा सकेगा।
