Movie prime

परेड कोठी में आधी रात हवाई फायरिंग से दहशत, CCTV में कैद हुआ बुलेट सवार युवक
 

 
 परेड कोठी में आधी रात हवाई फायरिंग से दहशत, CCTV में कैद हुआ बुलेट सवार युवक
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के परेड कोठी स्थित टवेरा वाली गली में बुधवार देर रात हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। रात करीब 2:10 बजे बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे एक युवक ने असलहा निकालकर हवा में फायरिंग की और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार रात एक गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के दौरान एक युवक की पिटाई भी की गई थी। बताया जा रहा है कि इसी मारपीट से नाराज होकर देर रात बुलेट सवार युवक मौके पर पहुंचा और कमर से असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलाने के बाद वह तुरंत बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। रोडवेज पुलिस चौकी के कार्यवाहक प्रभारी प्रशांत कुमार बंधु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे मारपीट की वजह सामने आ रही है, हालांकि विवाद की वास्तविक वजहों की जांच की जा रही है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बुलेट सवार युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।