Movie prime

फायरिंग जैसी आवाज से दहशत! मॉडिफाइड साइलेंसर वाली BMW Superbike को सिगरा पुलिस ने किया सीज
 

 
 फायरिंग जैसी आवाज से दहशत! मॉडिफाइड साइलेंसर वाली BMW Superbike को सिगरा पुलिस ने किया सीज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में पिछले करीब एक सप्ताह से देर रात तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज आवाज से लोगों में दहशत फैलाने वाली बीएमडब्ल्यू सुपरबाइक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। रविवार देर रात सिगरा पुलिस ने बिना नंबर प्लेट चल रही करीब 26 लाख रुपये कीमत की BMW सुपरबाइक को सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बाइक सवार शहर की सड़कों पर तेज और खतरनाक तरीके से बाइक चला रहा था। बाइक में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर तेज आवाज के साथ बैकफायर करता था, जिससे अचानक फायरिंग जैसी आवाज निकलती थी। देर रात रिहायशी इलाकों और सड़कों से गुजरते समय इस तरह की आवाज से आसपास के लोगों में भय का माहौल बन रहा था।

पिछले कई दिनों से इस बाइक को लेकर पुलिस के पास शिकायतें पहुंच रही थीं। शिकायतों में तेज रफ्तार के साथ बाइक चलाने और अचानक तेज आवाज करने की बात कही गई थी। इसके बाद सिगरा पुलिस ने रविवार देर रात बाइक को रोककर जांच की।

जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी मिली। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए ध्वनि प्रदूषण फैलाने के मामले में बाइक को तत्काल सीज कर दिया।

सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पिछले कई दिनों से देर रात इस बाइक के तेज गति से चलने और तेज आवाज करने की शिकायतें मिल रही थीं। यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने के कारण बाइक को सीज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बाइक चालक तेज रफ्तार में बाइक चलाने के साथ अचानक बैकफायर करता था, जिससे तेज धमाके जैसी आवाज निकलती थी। इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों और आसपास के निवासियों में डर का माहौल बन रहा था।

फिलहाल पुलिस बाइक से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और आम लोगों के लिए परेशानी या खतरा पैदा करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।