Movie prime

साधु वेश में संसद पहुंचे पप्पू यादव, संत समाज भड़का- लोकसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग

 
पप्पू यादव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

संसद के मानसून सत्र के 10वें दिन शुक्रवार को अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर विपक्ष ने संसद परिसर में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव साधु के वेश में संसद पहुंचे और हाथ में दानपेटी लेकर विरोध दर्ज कराया। इस प्रदर्शन को लेकर अब संत समाज की ओर से कड़ी आपत्ति जताई गई है।


संत समिति ने जताई कड़ी नाराजगी
अखिल भारतीय संत समिति के महामंत्री जितेंद्रानंद सरस्वती ने पप्पू यादव के प्रदर्शन की आलोचना करते हुए इसे साधु-संतों और भगवा वस्त्र का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को सरकार या किसी पार्टी का विरोध करने का अधिकार है, लेकिन साधु-संतों के वेश का इस्तेमाल कर पूरे संत समाज को कटघरे में खड़ा करने जैसा संदेश देना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार का प्रदर्शन संत परंपरा और भगवा वस्त्र की गरिमा के खिलाफ है। यदि इस मामले में बिना शर्त सार्वजनिक माफी नहीं मांगी जाती है तो लोकसभा अध्यक्ष को पूरे घटनाक्रम का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।


जांच पर जताया भरोसा

जितेंद्रानंद सरस्वती ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित मामले की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और जो कानूनी निर्णय होगा, संत समाज उसे स्वीकार करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।


साधु वेश में किया सांकेतिक प्रदर्शन

विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने माथे पर चंदन लगाया, भगवा वस्त्र धारण किए और हाथ में दानपेटी लेकर संसद के मकर द्वार के पास जमीन पर बैठ गए। इस दौरान समाजवादी पार्टी के सांसद डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और अवधेश प्रसाद ने दानपेटी में सांकेतिक रूप से चढ़ावा डाला। प्रदर्शन के हिस्से के रूप में पप्पू यादव उन पैसों को अपनी जेब में रखते हुए दिखाई दिए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी प्रतीकात्मक रूप से दानपेटी में रुपए डाले।


इसके बाद पप्पू यादव दानपेटी लेकर भागने का अभिनय करने लगे, जबकि अन्य विपक्षी सांसदों ने उन्हें पकड़ने और रोकने की सांकेतिक कोशिश की। प्रदर्शन के दौरान उनकी मजाकिया अंदाज में "पिटाई" करने का भी अभिनय किया गया।


पप्पू यादव ने क्या कहा?

प्रदर्शन के बाद पप्पू यादव ने कहा, "हमें लगा कि पैसे लेकर भाग जाएंगे, लेकिन सपा सांसदों ने पकड़ लिया। अब कह रहे हैं कि फांसी चढ़ा देंगे।"


विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना


विपक्ष का कहना है कि उसका यह विरोध प्रदर्शन राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं, छात्रों पर लाठीचार्ज और संसद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अनुपस्थिति जैसे मुद्दों को लेकर था। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सांसदों के हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था, "अमित शाह संसद से गायब क्यों हैं?" विपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के इस प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया।