वाराणसी में गरजा राफेल, नमो घाट पर एयर शो से पहले रिहर्सल देख रोमांचित हुए लोग
वाराणसी। काशी के नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो से पहले सोमवार सुबह आसमान में राफेल लड़ाकू विमान की गर्जना सुनाई दी। राफेल ने एयर शो की तैयारियों के तहत रिहर्सल किया। इस दौरान विमान की तेज रफ्तार और आसमान में हैरतअंगेज करतब देखकर लोग रोमांचित हो उठे।
राफेल की गर्जना सुनते ही आसपास के इलाकों में लोग अपने घरों की छतों, सड़कों और खुले मैदानों में पहुंच गए। सभी की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। विमान कभी तेजी से नीचे की ओर आता तो अगले ही पल ऊंचाई की ओर उड़ान भरता नजर आया। राफेल की रफ्तार और कलाबाजियों ने लोगों को हैरान कर दिया।
तेज गर्जना से गूंज उठा आसमान
रिहर्सल के दौरान राफेल की गर्जना इतनी तेज थी कि कई लोग अपने कानों में उंगलियां डालकर खड़े नजर आए। विमान की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पलक झपकते ही वह आसमान में दूर निकल जाता था। कुछ ही पलों बाद दोबारा उसकी गर्जना सुनाई देती और लोगों की निगाहें उसे तलाशने लगतीं।
एयर शो को लेकर काशीवासियों में उत्साह
नमो घाट पर होने वाले एयर शो को लेकर शहरवासियों में उत्साह दिखाई दे रहा है। सोमवार सुबह हुए रिहर्सल ने लोगों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। आसमान में राफेल के रोमांचक करतबों की झलक ने आगामी एयर शो को लेकर काशीवासियों का उत्साह दोगुना कर दिया है।
आगामी एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को नमो घाट पर प्रस्तावित है। इसमें भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों और एरोबेटिक टीमों का हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
