Movie prime

वाराणसी में शुरू होगा पिकलबॉल: नगर निगम की तैयारी, गेमिंग जोन में बनेगा इंटरनेशनल कोर्ट

अमेरिका का लोकप्रिय खेल पिकलबॉल अब वाराणसी में भी खेला जाएगा। नगर निगम चार स्थानों पर पिकलबॉल कोर्ट विकसित करने की तैयारी कर रहा है। यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर बनेगी और गेमिंग जोन में आधुनिक सुविधाओं के साथ लागू की जाएगी।

 
वाराणसी में शुरू होगा पिकलबॉल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: अमेरिका का लोकप्रिय खेल पिकलबॉल अब काशी में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। नगर निगम की ओर से शहर में पिकलबॉल कोर्ट विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए शहर के चार अलग-अलग स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां गेमिंग जोन के अंतर्गत इसे प्रमुखता दी जाएगी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पिकलबॉल कोर्ट को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। वर्तमान में इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है और जल्द ही इसे धरातल पर उतारने की योजना है।


अमेरिका में तेजी से लोकप्रिय हुआ पिकलबॉल
स्पोर्ट्स एंड फिटनेस इंडस्ट्री एसोसिएशन (SFIA) की रिपोर्ट के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका में बीते तीन वर्षों में पिकलबॉल की लोकप्रियता में 223.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, पिछले सात वर्षों में प्रमुख अमेरिकी शहरों में आउटडोर पिकलबॉल कोर्ट की संख्या 650 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। अमेरिका के 100 सबसे अधिक आबादी वाले शहरों में वर्तमान में 3,000 से अधिक पिकलबॉल कोर्ट मौजूद हैं।

 भारत में क्यों तेजी से लोकप्रिय हो रहा पिकलबॉल
भारत में पिकलबॉल के प्रति बढ़ते आकर्षण की प्रमुख वजह इसके सरल नियम, छोटा कोर्ट आकार और कम लागत वाला उपकरण है। यह खेल बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उपयुक्त माना जा रहा है। सामुदायिक पार्कों, होटलों और ओपन स्पेस में इसे आसानी से खेला जा सकता है।

टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस का अनोखा संगम
पिकलबॉल एक पैडल स्पोर्ट है, जिसमें टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के तत्व शामिल हैं। इसे बैडमिंटन के आकार के कोर्ट पर कम ऊंचाई वाले नेट के साथ खेला जाता है। खेल में ठोस पैडल और छिद्रित प्लास्टिक की गेंद का उपयोग होता है। यह खेल सिंगल्स और डबल्स, दोनों प्रारूपों में, इनडोर और आउटडोर खेला जा सकता है।

गेमिंग जोन में बनेगा आधुनिक पिकलबॉल कोर्ट
नगर निगम की योजना के अनुसार, चयनित वर्जन गेमिंग जोन में पिकलबॉल कोर्ट विकसित किया जाएगा। इसके लिए चार स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। आने वाले दिनों में निर्माण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जिससे काशी को एक नया अंतरराष्ट्रीय खेल अनुभव मिलेगा।