पिंडरा महोत्सव में बोले जयवीर सिंह- यूपी बना आध्यात्मिक पर्यटन का हब
वाराणसी के पिंडरा महोत्सव के उद्घाटन पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद मथुरा-वृंदावन उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक विकास त्रिकोण का मजबूत केंद्र बन रहा है। तीन दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
Pindra Mahotsav: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में काशी कॉरिडोर के माध्यम से काशी का भव्य कायाकल्प हुआ है और विकास की एक नई आध्यात्मिक गाथा लिखी गई है। काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा–वृंदावन भी उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक विकास त्रिकोण के सशक्त केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। यह बात प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वाराणसी में आयोजित तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर कही।
नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि पिंडरा महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध विरासत, आध्यात्मिक चेतना और ऐतिहासिक परंपराओं के संवर्धन का प्रभावी मंच है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रयासों से प्रदेश के हर जिले में इस तरह के आयोजन हो रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई ऊंचाई दे रहे हैं।
काशी से अयोध्या और अब मथुरा-वृंदावन तक विकास की निरंतरता
मंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संस्कृति, परंपरा और भारतीय मूल्यों के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य कर रही है। काशी का काशी कॉरिडोर के माध्यम से कायाकल्प और 500 वर्षों बाद अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण देश के लिए गौरव का विषय है। इसी क्रम में अब मथुरा-वृंदावन भी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास के नए केंद्र के रूप में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चाहे काशी हो, अयोध्या हो, मथुरा-वृंदावन हो या नैमिषारण्य और विंध्यवासिनी धाम, उत्तर प्रदेश का शायद ही कोई क्षेत्र हो जहां पर्यटन और संस्कृति के माध्यम से धार्मिक व ऐतिहासिक पहचान को सशक्त न किया जा रहा हो। मंत्री ने पिंडरा क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए विधायक डॉ. अवधेश सिंह और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी।
पिंडरा महोत्सव में कलाकारों का संगम
30 जनवरी से 1 फरवरी तक चलने वाला पिंडरा महोत्सव कला, संस्कृति और विकास का संगम प्रस्तुत कर रहा है। भोजपुरी फिल्म और संगीत जगत के लोकप्रिय कलाकार मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया गया है।
महोत्सव में लोक संगीत, लोक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ बच्चों के लिए खेलकूद और शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। महिलाओं और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।
