27 अप्रैल को काशी दौरे पर आ सकते हैं PM मोदी: 3000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास संभव
वाराणसी। नरेन्द्र मोदी के अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर आने की संभावनाएं तेज हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री 27 अप्रैल की देर शाम काशी पहुंच सकते हैं। इसके अगले दिन यानी 28 अप्रैल को वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ जनसभा को संबोधित कर सकते हैं।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की टीम ने गुरुवार को ऑनलाइन बैठक कर काशी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ यह बैठक शुक्रवार और शनिवार को भी जारी रहने की संभावना है। खासतौर पर सोशल सेक्टर से जुड़ी परियोजनाओं पर टीम की विशेष नजर बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, इसी समीक्षा के आधार पर कई बड़ी परियोजनाओं को लोकार्पण और शिलान्यास सूची में शामिल किया जा सकता है। यह भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री काशी से देश के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के लिए भी राजनीतिक संदेश दे सकते हैं।
3000 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं हो सकती हैं शामिल
बताया जा रहा है कि इस दौरे में 3000 करोड़ रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास संभव है। वर्तमान में काशी में करीब 17,862 करोड़ रुपये की लागत से 127 परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिनमें से कई पूरी होने की कगार पर हैं।
लोकार्पण सूची में कज्जाकपुरा रेलवे ओवर ब्रिज (ROB), कादीपुर आरओबी, चंद्रावती क्षेत्र के विकास कार्य, यूपी कॉलेज में एस्ट्रो टर्फ, भगवानपुर में 55 एमएलडी का एसटीपी, पांडेयपुर से आजमगढ़ मार्ग चौड़ीकरण, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) और रामनगर में वृद्धाश्रम जैसी परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं।
वहीं, शिलान्यास सूची में नगर निगम का बहुप्रतीक्षित भवन (97 करोड़), लोहता में 60 एमएलडी का एसटीपी (274.31 करोड़), 18 वार्डों में सीवर व पेयजल परियोजना (259 करोड़), 1800 करोड़ का राजघाट पुल व रेलवे लाइन तथा कबीरचौरा में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल जैसी बड़ी योजनाएं शामिल होने की संभावना है।
