Movie prime

काशी दौरे पर आ सकते हैं PM मोदी, 54वें आगमन में देंगे हजारों करोड़ की सौगात, जनसभा को कर सकते हैं संबोधित
 

 
काशी दौरे पर आ सकते हैं PM मोदी, 54वें आगमन में देंगे हजारों करोड़ की सौगात, जनसभा को कर सकते हैं संबोधित
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। नरेंद्र मोदी मार्च के दूसरे सप्ताह में अपने संसदीय क्षेत्र काशी के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यह उनका 54वां दौरा होगा। इससे पहले वह सात नवंबर को वाराणसी आए थे। इस बार कज्जाकपुरा आरओबी पर प्रधानमंत्री और योगी आदित्यनाथ की गाड़ियां भी गुजरेंगी। होली से पहले मुख्यमंत्री 28 फरवरी को शहर आ सकते हैं। पीएम और सीएम के संभावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन को प्रारंभिक सूचना मिल चुकी है।

प्रशासनिक और भाजपा सूत्रों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आठ महिलाओं को सम्मानित करने की योजना बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री की जनसभा बरेका मैदान या संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित हो सकती है। प्रधानमंत्री के ठहरने के लिए बरेका गेस्ट हाउस और मुख्यमंत्री के लिए सर्किट हाउस को तैयार किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री जब भी काशी आते हैं, विकास परियोजनाओं की सौगात देते हैं। अब तक वे 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर चुके हैं।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

* कज्जाकपुरा और कादीपुर आरओबी
* पांडेयपुर काली मंदिर से आजमगढ़ संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण
* बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में सीसीयू
* भगवानपुर में 55 एमएलडी क्षमता का एसटीपी
* रामनगर में वृद्धाश्रम
* चंद्रावती क्षेत्र में विकास कार्य
* यूपी कॉलेज में एस्ट्रो टर्फ

इन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

* 97 करोड़ रुपये से नगर निगम का नया सदन भवन
* 274.31 करोड़ रुपये से लोहता में 60 एमएलडी का एसटीपी
* 259 करोड़ रुपये से 18 वार्डों में सीवर और पेयजल परियोजना
* 1800 करोड़ रुपये की लागत से राजघाट पुल और रेलवे लाइन परियोजना