Movie prime

PM मोदी ने काशी के ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की सराहना, एक दिन में सर्वाधिक जांच का बना रिकॉर्ड
 

 
 PM मोदी ने काशी के ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की सराहना, एक दिन में सर्वाधिक जांच का बना रिकॉर्ड
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश-दुनिया में कहीं भी रहें, अच्छे और अनूठे प्रयासों का जिक्र करते समय अपनी काशी यानी अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी को याद करना नहीं भूलते। शनिवार को दिल्ली में देशभर के विशेष कार्य करने वाले शिक्षकों से संवाद के दौरान उन्होंने वाराणसी में चलाए जा रहे स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की उपलब्धि का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह वाराणसी के सांसद हैं और उनके क्षेत्र में ब्रेस्ट कैंसर की जांच के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल हुई है। काशी ने एक दिन में सर्वाधिक ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग कराने का रिकॉर्ड बनाया है, जिसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि स्तन कैंसर की जांच के लिए महिलाएं आगे आ रही हैं और अपना चेकअप करा रही हैं।

दरअसल, वाराणसी में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से महिलाओं के लिए स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की निश्शुल्क जांच सुनिश्चित करना है। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध मामलों की पहचान होने पर आगे की आवश्यक जांच की व्यवस्था भी की जा रही है।

20 एंबुलेंस के माध्यम से पहुंच रही सुविधा

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह के अनुसार महिलाओं में बढ़ती ब्रेस्ट कैंसर की समस्या को देखते हुए आईटीवी फाउंडेशन और प्रदेश सरकार के सहयोग से नमो शक्ति रथ संचालित किए जा रहे हैं। इसके लिए संस्था की ओर से 20 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है, ताकि महिलाओं तक स्क्रीनिंग की सुविधा आसानी से पहुंचाई जा सके।

महिलाओं की निजता को ध्यान में रखते हुए स्क्रीनिंग थर्मल तकनीक के माध्यम से की जाती है। जिले में अब तक 6,500 से अधिक महिलाओं की जांच की जा चुकी है। खास बात यह है कि इस योजना के तहत महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग का लाभ निश्शुल्क उठा सकती हैं।

वाराणसी वर्तमान में उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है। स्वास्थ्य क्षेत्र में इस तरह के अभियानों से शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान और समय रहते उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।