पीएम मोदी का वाराणसी दौरा आज: अरविंद मिल की नई यूनिट का करेंगे उद्घाटन, महिलाओं से भी करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। मिर्जामुराद के रूपापुर गांव में वह अरविंद मिल की नई परिधान निर्माण इकाई का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री महिला कर्मचारियों से संवाद करेंगे। नई औद्योगिक इकाई से वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर गांव में अरविंद मिल की नई औद्योगिक इकाई का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री यहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों से संवाद भी करेंगे। इस कार्यक्रम में नारी शक्ति, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर रहेगा।
नई परिधान निर्माण इकाई का करेंगे लोकार्पण
रूपापुर गांव में स्थापित अरविंद मिल की नई परिधान निर्माण इकाई के शुरू होने से वस्त्र एवं परिधान उद्योग को गति मिलने की उम्मीद है। इस इकाई से रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है।
प्रधानमंत्री का महिला कर्मचारियों से संवाद महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने और उन्हें रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित रहेगा।
निजी अस्पतालों को 25 अक्टूबर को सुबह सात बजे से चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए ऑपरेशन थिएटर, आकस्मिक सेवाओं और एंबुलेंस को सक्रिय रखने को कहा गया है।
अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
मंडलीय अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वाराणसी मंडल, डॉ. दिग्विजय सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इनके मुताबिक, जिला चिकित्सालयों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेजों तक चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। अपर निदेशक ने वाराणसी और चंदौली के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के निजी अस्पतालों को भी तत्काल निर्देश जारी करने को कहा है।
