Varanasi में LPG की जगह तेजी से बढ़ रहा PNG नेटवर्क, रोज 130 घरों को मिल रहा कनेक्शन
वाराणसी। शहर में रसोई गैस को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। एलपीजी की बढ़ती कमी के बीच अब वाराणसी में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इससे लोगों को घर बैठे सुरक्षित और निरंतर गैस सप्लाई मिल सकेगी।
गेल (GAIL) के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एच.के. गर्ग ने मंडलायुक्त एस. राज लिंगम और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ पत्रकारों को बताया कि वाराणसी में पीएनजी नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। वर्तमान में शहर के करीब 69,485 रसोई घरों में पीएनजी गैस की सप्लाई शुरू हो चुकी है, जबकि 1.23 लाख से अधिक घरों में इसका इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर लिया गया है।
प्रशासन और गेल मिलकर प्रतिदिन लगभग 130 घरों को एलपीजी से पीएनजी में परिवर्तित कर रहे हैं। डीएलडब्ल्यू, बीएचयू, सुंदरपुर, चितईपुर, पांडेपुर, शिवपुर और सारनाथ सहित कई इलाकों में यह सुविधा पहुंच चुकी है और अन्य क्षेत्रों में तेजी से काम जारी है।
कैंप लगाकर दिए जाएंगे कनेक्शन
जिन क्षेत्रों में पीएनजी का काम जारी है, वहां रोजाना कैंप लगाए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इन कैंपों में जाकर जल्द से जल्द पंजीकरण कराएं ताकि उन्हें पीएनजी कनेक्शन मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार, जहां-जहां पीएनजी नेटवर्क पूरी तरह तैयार हो जाएगा, उन इलाकों को एलपीजी मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाएगा। ऐसे क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा।
वाराणसी प्रशासन ने अंडरग्राउंड पाइपलाइन बिछाने के लिए सभी जरूरी अनुमतियां दे दी हैं। मंडलायुक्त एस. राज लिंगम और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द पीएनजी अपनाएं और एलपीजी पर निर्भरता कम करें।
