होली और रमजान को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, ACP सारनाथ ने संवेदनशील इलाकों में निकाला फ्लैग मार्च
वाराणसी। होली और रमजान के मद्देनजर वाराणसी पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। पंचकोशी क्षेत्र से शुरू हुआ यह पैदल मार्च शहर के कई संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। बाजारों, प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों ने आमजन से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन मिलकर यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि दोनों पर्व आपसी सौहार्द और शांति के साथ संपन्न हों।
