48वीं ITC के अफसरों को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल का मंत्र, बोले- जनता की सेवा ही असली पुलिसिंग
Varanasi : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल से बुधवार को 48वीं आईटीसी (Induction Training Course) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए अधिकारियों को उत्कृष्ट, आधुनिक और संवेदनशील पुलिसिंग के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण सेवा जीवन का स्वर्णिम काल होता है, जिसमें आत्मबल, साहस, अनुशासन, संवेदनशीलता और ज्ञान का निर्माण होता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए मानसिक और तकनीकी रूप से तैयार रहने का संदेश दिया।
बैठक के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को कमिश्नरेट वाराणसी की प्रशासनिक संरचना और आधुनिक पुलिसिंग की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। इसमें यातायात प्रबंधन, डायल-112, जल पुलिस, पर्यटक पुलिस, तकनीकी रूप से सशक्त एसओजी एवं सर्विलांस टीम, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन प्रणाली, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस आयुक्त ने वाराणसी की धार्मिक और सांस्कृतिक संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील, सतर्क और मानवीय पुलिसिंग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने श्रावण मास, देव दीपावली और प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान भारी भीड़ प्रबंधन और सुगम यातायात व्यवस्था से जुड़े अनुभव भी साझा किए।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिस अधिकारी को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ अपराधियों से एक कदम आगे सोचने की क्षमता विकसित करनी होगी। साथ ही भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों में त्वरित कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है और प्रत्येक अधिकारी को जनता के लिए सहज, सुलभ और संवेदनशील होना चाहिए। ईमानदारी, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा और सत्यनिष्ठा को एक उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी की पहचान बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस आयुक्त ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ सामूहिक भोजन किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर पुलिस कमिश्नर लॉ-अरेंजमेंट मुख्यालय शिवहरि मीना, अपर पुलिस कमिश्नर क्राइम आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी गौरव बंसवाल, पुलिस सहायता वरुणा जोन प्रमोद कुमार, पुलिस सहायता सहायक वरुणा जोन नीतू और पुलिस सहायता शाखा अनिल कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
