Movie prime

काशी स्टेशन के पास पुलिस मुठभेड़, पत्थर से हत्या के आरोपी ताजिम के पैर में लगी गोली
 

 
 काशी स्टेशन के पास पुलिस मुठभेड़, पत्थर से हत्या के आरोपी ताजिम के पैर में लगी गोली
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र में पत्थर से कूचकर एक व्यक्ति की हत्या और दो अन्य को घायल करने के मामले में पुलिस ने शनिवार दोपहर मुठभेड़ के बाद आरोपी ताजिम को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ काशी स्टेशन के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी ताजिम की मौके पर मौजूदगी सामने आई। इसके बाद आदमपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को टीम ने ताजिम को काशी स्टेशन के पास घेर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा। घिरने के बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें ताजिम के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने हेड कांस्टेबल अजय विक्रम का असलहा छीन लिया था। गोली लगने के बाद पुलिस ने घायल ताजिम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उसे उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

आदमपुर क्षेत्र में हुई हत्या और दो लोगों को घायल किए जाने की घटना के बाद पुलिस की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।