वाराणसी में लॉन्च हुआ 'पुलिस सतर्क मित्र' WhatsApp बॉट: अब गोपनीय रूप से दें अवैध गतिविधियों की सूचना
वाराणसी I अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 09 जिलों में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक नई और सुरक्षित व्यवस्था 'पुलिस सतर्क मित्र' शुरू की गई है। इस पहल के तहत आम नागरिक अब बिना अपनी पहचान उजागर किए गो-तस्करी, गो-वध, शराब तस्करी, मादक पदार्थों, अवैध हथियार, महिला एवं बाल अपराध, जबरन धर्म परिवर्तन, अवैध खनन तथा अन्य किसी भी असामाजिक या अपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस तक आसानी से पहुंचा सकते हैं।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य जनता को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदार बनाना है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग से ही अपराध-मुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज की स्थापना संभव है।
सूचना कैसे दें?
- मोबाइल पर WhatsApp खोलें।
- दिए गए WhatsApp Bot नंबर 7839860411 पर मैसेज भेजें (बस "Hi" लिखकर शुरू करें)।
- बॉट उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से आपको भाषा चुनने और सूचना दर्ज करने में गाइड करेगा।
- फोटो, वीडियो, ऑडियो या टेक्स्ट के रूप में साक्ष्य साझा कर सकते हैं।
- वैकल्पिक रूप से QR Code स्कैन करके भी सीधे सूचना दी जा सकती है।
सुझाव है कि इस नंबर को अपने मोबाइल में "पुलिस सतर्क मित्र" के नाम से सेव कर लें ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग किया जा सके।
गोपनीयता और सुरक्षा की गारंटी
सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। उनका नाम, मोबाइल नंबर या कोई अन्य व्यक्तिगत विवरण किसी भी स्तर पर प्रदर्शित नहीं होता। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित अधिकारी द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाती है, तथा कार्यवाही की जानकारी WhatsApp के माध्यम से सूचनाकर्ता को दी जाती है।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्भर होकर अवैध गतिविधियों की सूचना दें और पुलिस का सहयोग करें। यह डिजिटल पहल वाराणसी रेंज में पहले से चल रही व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण में जन-भागीदारी बढ़ेगी।
