काशी एयरशो में दिन-रात डटे रहे पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित, कैरेक्टर रोल में भी दर्ज होगी गुड एंट्री
वाराणसी। गंगा किनारे तीन दिनों तक आयोजित एयरशो को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को प्रतिष्ठित डीजी कमेंडेशन डिस्क, जबकि 50 राजपत्रित अधिकारियों को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा, मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने वाले इंस्पेक्टर स्तर के 100 अधिकारियों को पुलिस आयुक्त की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान दिन-रात तैनात अन्य पुलिसकर्मियों के योगदान को भी मान्यता दी जाएगी।
पुलिसकर्मियों के कैरेक्टर रोल में दर्ज होगी गुड एंट्री
एयरशो के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के कैरेक्टर रोल में डीसीपी स्तर से गुड एंट्री भी दर्ज की जाएगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के अनुसार, 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित एयरशो और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य वीवीआईपी के आगमन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभाई।
पुलिस महानिदेशक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और डीजी कमेंडेशन डिस्क प्रदान करने पर सहमति दे दी है। इस सम्मान का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है।
एक महीने पहले से शुरू हुई थी सुरक्षा की तैयारी
एयरशो को सफल बनाने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट और चंदौली पुलिस ने करीब एक महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी थीं। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की गई और घाटों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान अपनाई गई 'नो टच पॉलिसी' और सुरक्षा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी को आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण माना गया।
1600 से अधिक एनसीसी कैडेट और स्काउट-गाइड ने संभाली जिम्मेदारी
गंगा घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों को अलग-अलग सेक्टरों में बांटा गया था। व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 1600 से अधिक एनसीसी कैडेट और स्काउट-गाइड को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
इस व्यापक सुरक्षा अभियान में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोरा, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरी मीणा, डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण, चंदौली एसपी आकाश पटेल, डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी काशी गौरव बंशवाल और एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा समेत विभिन्न जोन के एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों ने समन्वय के साथ काम किया।
पुलिस आयुक्त बोले—सम्मान से बढ़ेगा जवानों का मनोबल
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयरशो को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले वाराणसी कमिश्नरेट के साथ-साथ अन्य जिलों से आए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डीजीपी की ओर से प्रशस्ति पत्र और डीजी कमेंडेशन डिस्क देने पर सहमति मिल चुकी है। यह सम्मान कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह और मनोबल बढ़ाएगा।
