वाराणसी में आज 2 घंटे बिजली गुल, सड़क चौड़ीकरण के चलते इन इलाकों में रहेगा शटडाउन
वाराणसी। सड़क चौड़ीकरण के काम के चलते वाराणसी के कई इलाकों में गुरुवार को करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से काली माता मंदिर से आजमगढ़ रोड और पाण्डेयपुर से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। इस दौरान सड़क की जद में आ रहे बिजली के पोल और लाइनों को शिफ्ट कर भूमिगत किया जाना है।
इसी को लेकर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से निर्धारित समय के लिए शटडाउन लिया जाएगा।
कार्यकारी अभियंता, नगरीय बिजली निर्माण खंड-द्वितीय वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, लेढ़ूपुर उपकेंद्र के 11 केवी आशापुर फीडर और दौलतपुर उपकेंद्र के 11 केवी भक्ति नगर फीडर की बिजली आपूर्ति सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बंद रहेगी।
शटडाउन के दौरान बिजली के पोल और लाइनों की शिफ्टिंग के साथ चार्जिंग और केबल होस्टिंग का काम किया जाएगा। विभाग का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए जरूरी विद्युत ढांचे को व्यवस्थित करने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
बिजली कटौती का असर रुस्तमपुर, पैगंबरपुर, नटूई, सिंचाई विभाग कॉलोनी, चंद्रा चौराहा, आशापुर, अमनपुरी कॉलोनी, अकथा गांव, बजरंग नगर, संजय नगर, जीडी नगर, भक्ति नगर और विश्वनाथपुरी समेत आसपास के क्षेत्रों में पड़ सकता है।
विभाग ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित शटडाउन अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी बिजली संबंधी काम पहले ही निपटा लें।
