Movie prime

अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज, सपा नेताओं ने किया जनसभा स्थल का निरीक्षण
 

 
 अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां तेज, सपा नेताओं ने किया जनसभा स्थल का निरीक्षण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी (सेवापुरी)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगामी 31 अक्टूबर को वाराणसी के संभावित दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को सपा के वरिष्ठ नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने आराजी लाइन विकास खंड के सजोई गांव पहुंचकर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल और पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी प्रमुख रूप से शामिल रहे। नेताओं ने हेलीपैड, वाहन पार्किंग और जनसभा स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा भी की गई।

हेलीपैड से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संभावित आगमन को देखते हुए सपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग व्यवस्था, हेलीपैड निर्माण और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेश सिंह, विधानसभा अध्यक्ष गोपाल, ग्राम प्रधान राजेश पटेल, निरंजन राजभर सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अखिलेश यादव के संभावित दौरे से सियासी हलचल तेज

सजोई गांव में सपा प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में अखिलेश यादव के संभावित आगमन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, पार्टी पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुट गए हैं।

रैली की अनुमति को लेकर पुलिस भी सक्रिय

इस संबंध में जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि समाजवादी पार्टी की प्रस्तावित रैली की अनुमति के संबंध में शासन से पत्र प्राप्त हुआ है। इसके मद्देनजर पुलिस टीम भी कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक जांच और व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची है।

फिलहाल अखिलेश यादव का 31 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम संभावित है। अंतिम कार्यक्रम और संबंधित अनुमतियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। हालांकि, सपा नेताओं के निरीक्षण के बाद वाराणसी में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।