Movie prime

वाराणसी एयर शो को लेकर तैयारियां तेज, पड़ाव से रामनगर-टेंगरा मोड़ तक सिर्फ दोपहिया वाहनों की एंट्री

​​​​​​​

 
Varanasi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। गंगा किनारे 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है।

तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान के मुताबिक एयर शो के दौरान पड़ाव से कोई भी वाहन राजघाट पुल की ओर नहीं जा सकेगा। पड़ाव से पीएसी, रामनगर और टेंगरा मोड़ तक केवल दोपहिया वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी। इन मार्गों पर दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।


चार पहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

चार पहिया और छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, ताकि एयर शो देखने आने वाली भीड़ के कारण मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। वहीं बड़े वाहनों को हाईवे पर प्रवेश से रोकने की तैयारी है।

प्रशासन की कोशिश है कि दूसरे जिलों से आने वाले बड़े वाहनों को जिले की सीमा से पहले ही डायवर्ट कर दिया जाए। इससे हाईवे पर वाहनों का दबाव कम रहेगा और एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।


अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, एडीएम राजेश कुमार, एडीएम न्यायिक रतनलाल वर्मा समेत कई अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुगलसराय एसडीएम राजेश वर्मा, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार और मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मौजूद रहे। वाराणसी की ओर से एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा और एसीपी ट्रैफिक प्रवीण सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने एयर शो के दौरान आने वाली भीड़, वाहनों की पार्किंग, रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। तीन दिनों तक होने वाले इस एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की ओर से भीड़ और वाहनों को नियंत्रित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।