Movie prime

काशी में एयर शो की तैयारियां तेज, 25 अक्टूबर को सीधे नमो घाट पहुंच सकते हैं PM मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह के आने की भी संभावना

 
PM मोदी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में भव्य एयर शो का आयोजन होने जा रहा है। 22, 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। यहां से वह सीधे नमो घाट जाएंगे और एयर शो में शामिल होने के बाद वापस लौट सकते हैं।

एयर शो में करीब 4,000 वीआईपी के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। हालांकि, इन सभी के कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। वीआईपी आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, रूट चार्ट, यातायात डायवर्जन और नमो घाट सहित गंगा किनारे के क्षेत्रों में तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

एयर शो के लिए एयरपोर्ट पर 20 विमानों की पार्किंग

आयोजन के दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट पर वायुसेना के 20 विमानों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके चलते निर्धारित तारीखों पर नियमित यात्री विमानों के संचालन पर कुछ समय के लिए रोक रहेगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उड़ानों के समय में बदलाव किया जा रहा है। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को मैसेज भेजकर संशोधित शेड्यूल की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि उन्हें एयरपोर्ट पर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इन तारीखों पर प्रभावित रहेंगी नियमित उड़ानें

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 19 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक वाराणसी एयरपोर्ट पर नियमित विमानों का आवागमन बंद रहेगा। वहीं, 21 से 25 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक नियमित उड़ानों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का संशोधित समय संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लें।

तीन एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे वायुसेना के विमान

इस एयर शो की खास बात यह होगी कि वायुसेना के विमान वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगे। तय योजना के मुताबिक, तीनों स्थानों से उड़ान भरने के बाद विमान दक्षिण दिशा में आसमान में एक साथ मिलेंगे। इसके बाद संयुक्त रूप से एयर शो में अपनी हवाई कलाबाजियों और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन के जरिए काशी के आसमान में वायुसेना की ताकत और विमानों की रोमांचक उड़ानें देखने को मिल सकती हैं।