Movie prime

वाराणसी में सीएम योगी की जनसभा की तैयारियां तेज, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने परखी व्यवस्थाएं

 
...
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जनसभा को लेकर वाराणसी में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में होने वाली जनसभा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने मंगलवार को प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल सभा स्थल पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सभा में आने वाले लोगों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर छाया और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और वाहनों की पार्किंग के लिए उचित इंतजाम करने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभा स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए, जिससे लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और जनसुविधाओं, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन से जुड़े सभी पहलुओं पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसभा में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।