Movie prime

काशी में BRICS कल्चर समिट की मेजबानी की तैयारी तेज, 10 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
 

 
 काशी में BRICS कल्चर समिट की मेजबानी की तैयारी तेज, 10 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi में G-20 के बाद एक बार फिर बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है। इस बार काशी BRICS Culture Summit की मेजबानी करेगी, जिसमें दुनिया के 10 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रशासन ने सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

यह सम्मेलन ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ-साथ मिस्र, इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ आयोजित होगा। विदेशी मेहमानों के 4 और 5 जून को वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम तय किया गया है।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

कलक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और संस्कृति मंत्रालय की निदेशक प्रियंका के नेतृत्व में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। प्रमुख मार्गों और स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया है।

काशी की सांस्कृतिक विरासत से होगा परिचय

सम्मेलन के दौरान विदेशी प्रतिनिधियों को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी परिचित कराया जाएगा। इसके तहत घाटों, मंदिरों और अन्य सांस्कृतिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार और एडीएम सिटी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।