प्रो. आनंद कुमार त्यागी के नेतृत्व में बदली काशी विद्यापीठ की तस्वीर, 5 वर्षों में हासिल की कई बड़ी उपलब्धियां
Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने अपने कार्यकाल के सफलतम पाँच वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, खेल और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
कुलपति प्रो. त्यागी के कार्यकाल में विश्वविद्यालय ने NAAC मूल्यांकन में C ग्रेड से उन्नत होकर B++ ग्रेड प्राप्त किया, जिसे एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इसके साथ ही खेल क्षेत्र में विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। भारतीय संस्थान रैंकिंग प्रणाली (IIRF) में खेल उपलब्धियों के आधार पर विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर 8वां और उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
प्रशासनिक सुधार और नवाचार
कार्यकाल के दौरान शिक्षकों को कैरियर एडवांसमेंट योजना (CAS) के तहत पदोन्नति दी गई। साथ ही लगभग दो दशकों के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय श्रेणी में प्रोन्नति प्रदान कर प्रशासनिक इतिहास में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय में नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करते हुए प्रवेश से लेकर परीक्षा तक सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन प्रणाली में लायी गईं।

पर्यावरण और सामाजिक पहल
प्रधानमंत्री के “लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट” अभियान के तहत कुलपति स्वयं कई बार पैदल कार्यालय पहुंचे और ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। परिसर में सौर ऊर्जा प्रणाली विकसित कर ग्रीन कैंपस मॉडल को बढ़ावा दिया गया।
इसके साथ ही मिशन शक्ति के तहत छात्राओं के लिए सेल्फ डिफेंस और डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम भी संचालित किए गए, जिससे महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिली।
विश्वविद्यालय की दिशा
इन सुधारों और प्रयासों के चलते काशी विद्यापीठ को राष्ट्रीय महत्व के संस्थान की दिशा में अग्रसर बताया जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी को बधाई दी।
इस मौके पर कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, कुलानुशासक प्रो. के.के. सिंह, डीन एकादमिक प्रो. बंशीधर पाण्डेय, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, मुख्य गृहपति डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह सहित सभी अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
