सारनाथ में देह व्यापार का भंडाफोड़: दो नाबालिग लड़कियां मुक्त, संचालिका समेत पति गिरफ्तार
वाराणसी I वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र के सोना तालाब इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे देह व्यापार के अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया, जबकि गिरोह की संचालिका और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस को स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि सोना तालाब के पास एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने गुप्त रूप से जांच की और पुख्ता जानकारी मिलने के बाद छापेमारी की। मौके से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद कर उन्हें संरक्षण में लिया गया है।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी
एसीपी विदुष सक्सेना के अनुसार, इस मामले में मनोज और शहीदुन्निसा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों सारंग तालाब, नक्खीघाट क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि शहीदुन्निसा इस गिरोह का संचालन कर रही थी, जबकि मनोज उसका सहयोगी है, जो उसका दूसरा पति बताया जा रहा है।
व्हाट्सएप और QR कोड से चल रहा था रैकेट
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि करीब एक महीने से इस मकान में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा था। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजते थे और सौदा तय होने के बाद ग्राहकों को बुलाया जाता था। भुगतान के लिए क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता था और प्रति ग्राहक तीन हजार से पांच हजार रुपये तक वसूले जाते थे।
जांच में जुटी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से कैश बॉक्स और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा सके।
