27 दिन से धरना... 4 दिन से भूख हड़ताल; UGC के खिलाफ वाराणसी में प्रदर्शन तेज
वाराणसी। UGC 2026 के नए इक्विटी रेगुलेशन में आरक्षण संबंधी प्रावधानों के विरोध में वाराणसी के शास्त्री घाट पर सवर्ण समाज का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 27वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
धरना स्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारियों के अनुसार, उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में पिछले चार दिनों से कई लोग अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में भूख हड़ताल करने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
स्थिति की जानकारी लेने के लिए एडीएम सिटी डॉ. राजेश धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों और आंदोलन की स्थिति से प्रशासनिक अधिकारी को अवगत कराया।
धरने का नेतृत्व कर रहे लोगों ने कहा कि जब तक यूजीसी 2026 से जुड़े आरक्षण प्रावधानों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक उनका धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनके सांसद या केंद्र सरकार का कोई मंत्री धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी बात नहीं सुनता और मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें
- यूजीसी 2026 के कथित प्रावधानों को वापस लिया जाए।
- आरक्षण व्यवस्था में सुधार कर आर्थिक आधार को लागू किया जाए।
- सवर्ण आयोग का गठन किया जाए।
- केंद्र सरकार इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करे।
