Movie prime

वाराणसी में पल्स पोलियो अभियान का आगाज, CMO ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद स्तरीय जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली के माध्यम से लोगों को 'दो बूंद जिंदगी की' का संदेश दिया गया और 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक अवश्य पिलाने की अपील की गई।

जिलेभर में निकाली गई जागरूकता रैलियां

मुख्य रैली के अलावा जिले के सभी विकास खंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा शहरी क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों से भी जागरूकता रैलियां निकाली गईं। इनमें आशा कार्यकर्ता, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

..

प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी बैनर और स्लोगन लेकर लोगों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं।

रविवार को बूथ दिवस, सोमवार से घर-घर पहुंचेगी टीम

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि 28 जून को जिले के सभी पोलियो बूथों पर बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक खुराक पिलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि 29 जून से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।

कोई भी बच्चा न छूटे: CMO

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर अभिभावक की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लेकर आएं और घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीमों का भी पूरा सहयोग करें।

इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सर्विलांस ऑफिसर डॉ. महेंद्र, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद तथा स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।