काशी के आसमान में गरजेंगे राफेल और तेजस, अक्टूबर में होगा भव्य एयर शो; 100 से अधिक विमान दिखाएंगे शौर्य
वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी इस वर्ष अक्टूबर में एक और ऐतिहासिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी में भव्य एयर शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें राफेल समेत 100 से अधिक लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपने रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान काशी का आसमान लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठेगा और भारतीय वायुसेना के साहस, शौर्य और पराक्रम की झलक देखने को मिलेगी।
एयर शो की तिथि अक्टूबर माह में वर्षा और गंगा के जलस्तर के सामान्य होने के बाद तय की जाएगी। आयोजन को दशहरा और देव दीपावली के बीच किसी दिन कराने की योजना बनाई जा रही है। एयर शो में राफेल, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम, तेजस और सी-295 जैसे विमान अस्सी घाट से नमो घाट के बीच आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे।
इस भव्य आयोजन को देखने के लिए पूर्वांचल, बिहार और आसपास के क्षेत्रों से लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है। दर्शक गंगा के 84 घाटों की सीढ़ियों के साथ ही गंगा पार रेती पर बैठकर एयर शो का आनंद ले सकेंगे। बड़ी संख्या में लोगों के आगमन को देखते हुए पार्किंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
तैयारियों के क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयर फोर्स, पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने नमो घाट का निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी अपने संसदीय क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस एयर शो में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनकी उपस्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एयर शो में भाग लेने वाले विमानों का संचालन मुख्य रूप से बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट से किया जाएगा। विमानों की अधिक संख्या को देखते हुए प्रयागराज सहित अन्य हवाई पट्टियों का भी उपयोग किया जा सकता है। एयर शो से करीब एक सप्ताह पहले विमानों का आगमन शुरू हो जाएगा और दो से तीन दिनों तक अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों ने आयोजन की प्रारंभिक रूपरेखा तैयार कर ली है।
