नईबस्ती में सेक्स रैकेट की सूचना पर छापा, नाबालिग समेत 2 युवतियां और 2 ग्राहक हिरासत में
वाराणसी। थाना लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र के नईबस्ती में कथित अनैतिक व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो युवतियों और दो ग्राहकों को पकड़ा है। इनमें एक युवती के नाबालिग होने की बात सामने आ रही है। पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने की भी जानकारी है।
बताया गया कि एक एनजीओ को नईबस्ती स्थित एक मकान में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। सूचना की पुष्टि के बाद एसीपी कैंट अपूर्व पाण्डेय के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों और पुलिस टीम ने मकान में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवतियों और दो ग्राहकों को मौके से पकड़ा। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गतिविधियों का संचालन कौन कर रहा था और दोनों युवतियां वहां किस माध्यम से पहुंची थीं। खास तौर पर नाबालिग युवती के वहां पहुंचने के संबंध में पुलिस अलग से जानकारी जुटा रही है।
इसके अलावा मकान किराए पर होने, मकान मालिक की भूमिका और किसी संभावित नेटवर्क से जुड़े लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। स्थानीय स्तर पर मकान मालिक के अधिवक्ता होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नाबालिग के सामने आने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट, बरामद साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी।
