वाराणसी मंडल के रेलवे कर्मचारियों को मिलेगी PNG गैस सुविधा, NER और GAIL के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) वाराणसी मंडल के कर्मचारी आवासों में अब पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दिशा में बुधवार को रेलवे प्रशासन और गेल इंडिया लिमिटेड (GAIL) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम लहरतारा स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल कार्यालय में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे में पहली बार वाराणसी मंडल द्वारा इस प्रकार का समझौता किया गया है। उन्होंने इसे कर्मचारियों के कल्याण और आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि पीएनजी सुविधा मिलने से कर्मचारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल ईंधन उपलब्ध होगा।
इस समझौते के तहत रेलवे कर्मचारी आवासों में चरणबद्ध तरीके से पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे एलपीजी सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 विनीत कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर यशवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एंड वैगन) अभिषेक राय, सहायक मंडल इंजीनियर (नगर) ए.के. पाण्डेय सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से चंद्रकांत टंडन, देबाशीष साहू और जे. आकाश ने कार्यक्रम में भाग लिया और एमओयू पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी की।
