Movie prime

 वाराणसी: बंद मकान में चोरों ने किया हाथ साफ, अलमारी तोड़कर जेवर समेत बाइक-सिलेंडर भी ले गए

वाराणसी के रामनगर स्थित भीटी मलियाखाले क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के जेवर, सिलिंडर और बाइक चोरी कर ली। दंपति वैवाहिक समारोह में गए थे। रिश्तेदार ने टूटा ताला देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामनगर पुलिस ने जांच शुरू कर चोरों की तलाश तेज कर दी है।

 
रामनगर में चोरी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी मलियाखाले इलाके में चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात उस समय हुई जब घर के मालिक परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने के लिए शहर से बाहर गए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम निवासी शंकर लाल सिंह, जो पिछले आठ वर्षों से मलियाखाले स्थित अपने मकान में रह रहे हैं और एक निजी विद्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं, रविवार शाम पत्नी सविता श्रीवास्तव के साथ पटना स्थित ससुराल गए थे।

मंगलवार दोपहर उनके रिश्तेदार और पास ही रहने वाले उदय लाल सिन्हा जब घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाज़े का ताला टूटा देखकर हैरान रह गए। अंदर जाकर देखा तो दो कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा हुआ था। एक कमरे की आलमारी और दूसरे कमरे के बक्से के ताले भी टूटे मिले।

सूचना मिलने पर शंकर लाल मौके पर पहुंचे और बताया कि आलमारी में उनकी पत्नी के जेवरात रखे थे, जिन्हें चोर उठा ले गए। इसके अलावा चोर किचन से सिलिंडर और बरामदे में खड़ी बाइक भी चोरी कर ले गए।

घटना की जानकारी मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके में पूछताछ की, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।