बुलेट पर ‘राव साहब’ लिखकर दिखा रहे थे भौकाल, पुलिस ने सिखाया सबक, बाइक सीज़
वाराणसी के पांडेयपुर में पुलिस चेकिंग के दौरान ‘राव साहब’ और ‘यादव’ लिखकर नंबर प्लेट छिपाने वाली बुलेट बाइक को सीज कर दिया गया। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
वाराणसी: पांडेयपुर क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान नियमों की अनदेखी कर चल रही एक बुलेट बाइक को सीज कर दिया। बाइक पर आगे-पीछे नंबर प्लेट की जगह ‘यादव’ और ‘राव साहब’ लिखकर वास्तविक नंबर छिपाया गया था, जो मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
चेकिंग के दौरान पकड़ में आया मामला
पांडेयपुर चौकी प्रभारी प्रमोद गुप्ता की टीम नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध बुलेट बाइक (UP65FN3320) पर पड़ी। बाइक की नंबर प्लेट की जगह नाम लिखा होने पर पुलिस ने उसे रोका और जांच शुरू की। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को सीज कर दिया।
मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना और वाहन का वास्तविक नंबर छिपाना गंभीर अपराध है। इस तरह के मामलों में MV एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, ताकि यातायात व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे।
पुलिस की चेतावनी, अभियान जारी रहेगा
वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत ऐसे मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
